वसुंधरा राजे की धार्मिक यात्रा को लेकर तैयारियां, आदिबद्री में कर सकती है आठ मार्च को रात्रि विश्राम

भरतपुर. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का आठ मार्च को भरतपुर के बृज में स्थित धार्मिक स्थलों पर जन्मदिन मनाना तय माना जा रहा है। इसको लेकर वसुंधरा गुट ने तैयारी भी शुरू कर दी है। शनिवार को भी पूर्व सार्वजनिक निर्माण मंत्री व वसुंधरा राजे के करीबी यूनुस खान ने चार वरिष्ठ नेताओं के साथ कुछ धार्मिक स्थलों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की है। इसमें आदिब्रदी धाम में एक दिन ठहरने की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया है। हालांकि इस गोपनीय दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वसुंधरा राजे गुट के भी नेता व पदाधिकारी इंकार करते रहे, लेकिन जब आदिब्रदी के महंत बाबा शिवराम दास से बात की तो उन्होंने इतना ही कहा कि पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री यूनुस खान के अलावा शेखावत समेत चार नेता आए थे, इन्होंने आठ मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की यात्रा के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं के अदिबद्री में आने की बात कही। वहीं भाजपा के ही कुछ नेता इससे पहले भी बृज के धार्मिक स्थलों का दौरा कर यात्रा की तैयारियों की जानकारी ले चुके हैं। जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपने जन्मदिन पर आठ मार्च को भरतपुर आ सकती हैं। इस दिन वे गोवर्धन के पूंछरी जाएंगी और गिर्राजजी के दर्शन करेंगी। दौरे पर आए भाजपा के नेताओं ने गोवर्धन स्थित दानघाटी व पूंछरी समेत अन्य स्थानों पर जाकर दर्शन किए। साथ ही वहां के सेवायतों से वसुंधरा राजे के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी बातचीत की।
खास बात यह है कि भाजपा के वसुंधरा गुट के नेता इस कार्यक्रम को सिर्फ एक धार्मिक यात्रा के रूप में बता रहे हैं। वहीं एक गुट का कहना है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से बृज क्षेत्र में करीब 200 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। इस राशि से राजस्थान के बृज क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट के रूप में काम कराया जा रहा है। अनुमान यह भी है कि वसुंधरा राजे इस प्रोजेक्ट का भी अवलोकन कर सकती है। इसे राजनीतिक गलियारों में पिछले दिनों से केंद्र से राजस्थान तक भाजपा संगठन में चल रही खींचतान के बीच नए आगाज से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

सतीश पूनियां गुट अलग, राजे गुट में भी खींचतान

वसुंधरा राजे के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिले में भाजपाई दो गुटों में बंटे नजर आ रहे हैं। जहां एक गुट इस कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में लगा हुआ है। इसके अलावा दूसरा गुट इस कार्यक्रम के बारे में कुछ भी बोलने तक से कतरा रहा है। हालांकि एक नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि कार्यक्रम अभी तय नहीं है। अगर केंद्रीय संगठन का इसमें कोई मतलब नहीं है। यह कार्यक्रम पूरी तरह व्यक्तिगत रहेगा।

इधर, भाजपा की बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों पर किया मंथन

भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मण्डल प्रभारियों से मण्डल स्तर पर संगठन की रूपरेखा, बूथ समितियों की संरचना व आगामी होने वाले पंचायत राज चुनाव तैयारियों को लेकर चर्चा की। जिलाध्यक्ष डॉ. सिंह ने पार्टी द्वारा जिला स्तर व मण्डल स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण शिविरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी एवं मोदी सरकार के आत्मनिर्भर बजट को लेकर प्रशंसा की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारा कार्यकर्ता कृषि बिल को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा जिससे लोगों में उत्पन्न हो रही भ्रांति को दूर किया जा सके। बैठक में प्रदेश मंत्री महेन्द्र जाटव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जवाहरसिंह बेढ़म, शिवानी दायमा, पूर्व जिलाध्यक्ष भानूप्रताप राजावत, पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राधा भारद्वाज, एससी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह आर्य, एसटी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष महेश मीणा, जिला उपाध्यक्ष गिरधारी गुप्ता, अभयवीर सोलंकी, राजू कटारा, निहालचंद मीणा, जिला महामंत्री भगवानदास शर्मा, ब्रजेश अग्रवाल, नरेश जाटव, जिला मंत्री इंजी. कालीचरण, राजेन्द्र गुर्जर, मुकेश सिंघल, जिला प्रवक्ता नरेश सैन, जिला आईटी संयोजक कुलदीप नरूका, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोहन रारह, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गेश बूटौलिया, भीमसिंह सोगरवाल, कीर्ति हथैनी, नरेन्द्र बरखेड़ा, मोन्टू गुप्ता, जगदीश अजान आदि उपस्थित थे।



source https://www.patrika.com/bharatpur-news/can-stay-overnight-in-adibadri-on-march-8-6705560/

Comments

Popular posts from this blog

...कैबीनेट मंत्री की फर्जी डिजायर से भरतपुर की राजनीति में बड़ा भूचाल

हवा भरने वाले कम्प्रेशर में ऐसा ब्लास्ट, करीब 60 फीट दूर जाकर गिरा दुकानदार, मौत

भाजपा की नैया पार लगाने को तैयार किए जाएंगे पन्ना प्रमुख