खराब स्पीड ब्रेकरों को सुधारा, अब जहां मनमर्जी से बनाए वहां भी तोड़े जाएंगे

भरतपुर. यह कहना मुनासिब होगा कि नगर निगम की कार्यशैली नरक निगम से कम नहीं है। जनता का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताजी आम मुद्दों पर चुप्पी साधे रहते हैं। चूंकि यह भी स्पष्ट है कि ठेकेदारी के खेल में नगर निगम में उनकी भी भागीदारी कम नहीं है। खैर मामला शहर में मनमर्जी के स्पीड ब्रेकरों से जुड़ा हुआ है। इसलिए इन मनमर्जी के स्पीड ब्रेकरों के लिए जिम्मेदारों को कठघरे में खड़ा करना भी हमारी जिम्मेदारी है, लेकिन इन पर सवाल उठाने का जिम्मा आमजन का भी है। पत्रिका की मुहिम के साथ आमजन ने जब सवाल उठाए तो अब नगर निगम प्रशासन भी जाग गया। ऐसे में कमीशनखोरी के जाल में फंसे अधिकारी-कर्मचारियों ने दो दिन से इनकी सुध ली है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान पत्रिका ने 18 अप्रेल के अंक में सुनिए शहरी सरकार...गलत डिजाइन से बने स्पीड ब्रेकर हर माह ले रहे चालकों की जान, ये कैसा विकास है शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर मामले का खुलासा किया था। इसके बाद लगातार आमजन की इस समस्या को उजागर किया जा रहा है। राजस्थान पत्रिका के लगातार मुद्दा उठाने के बाद दो दिन से नगर निगम हरकत में आया है। नगर निगम की ओर से शहर के सर्कुलर रोड पर मनमर्जी से बने स्पीड ब्रेकरों को सही कराया गया। अब इन स्पीड ब्रेकरों के सूखने के बाद अगले दो-तीन दिन के अंदर कलर कराया जाएगा। ताकि रात के समय अंधेरे में वाहन चालकों को आसानी से स्पीड ब्रेकर दिखाई दे जाएं।

बड़ा सवाल...आखिर कौन है इस आर्थिक हानि का जिम्मेदार

हाल में नगर निगम के अधिकारियों ने एक ही अधिकारी को जिम्मेदार बताकर पल्ला झाड़ लिया है। सवाल उठता है कि बड़े अधिकारी अब तक कहां सो रहे थे। पत्रिका ने मुहिम चलाई तो अधिकारियों को खराब व नियमों को ताक पर रखकर बने स्पीड ब्रेकर नजर आए। इन सड़कों से हर दिन गुजरने वाले विधायक, राज्यमंत्री, पूर्व कैबीनेट मंत्री, जिला कलक्टर, एडीएम शहर, एडीएम प्रशासन, नगर निगम आयुक्त, मेयर, डिप्टी मेयर, शहर के 65 वार्डों के पार्षद, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को भी यह समस्या आज से पहले नजर क्यों नहीं आई। स्पष्ट है कि इनमें से किसी ने भी जिम्मेदारी को नहीं समझा। कितने ही लोग घायल हो गए। अब खुद आमजन को भी चाहिए कि ऐसे मुद्दों को लेकर जिम्मेदारों पर सवाल उठाया जाए। एसी ऑफिसों में बैठकर शहर के विकास का दावा करने वालों को सबक सिखाया जाना चाहिए। ताकि छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर आमजन को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

शहरवासी बोले: भ्रष्टों के हाथ विकास का जिम्मा देंगे तो ऐसे ही होगा

-नगर निगम की ओर से बनाए गए स्पीड ब्रेकरों को दुरस्त कर कलर करना चाहिए। ताकि आमजन के साथ हादसे नहीं हों।

राकेश मितल, गोपालगढ़ मोहल्ला

-नगर निगम की ओर से बनाए गए स्पीड ब्रेकर सही मानक के नहीं बनाए गए हैं उनकी ऊंचाई अधिक कर दी गई है उनको सही करना चाहिए।

मनोज गुप्ता, कृष्णा नगर

-राजस्थान पत्रिका में खबर प्रकाशित हो रही है लेकिन नगर निगम के अधिकारी ठेकेदार से खानापूर्ति करा रहे हैं तुरंत कार्यवाही कर सही कराना चाहिए।

शरद बंसल, मोरी चारबाग

-स्पीड ब्रेकर से काफी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कितनी दुर्घटनाओं की बाट देख रहे हैं नगर निगम के अधिकारी। नगर निगम प्रशासन इस मुद्दे पर लापरवाह बना हुआ है।

अंकित गोयल, मथुरा गेट

-नगर निगम की ओर से बनाए गए स्पीड ब्रेकर को सही करना चाहिए और उन पर रंग करना चाहिए। वैसे पुराने गली मोहल्लों में जो पुराने बनाए थे वह भी अब टूट गए हैं उनको भी दुरुस्त कराना चाहिए।

मनीष अग्रवाल, मोरी चारबाग

-कृष्णा कॉलोनी में मेरे घर के पास बनाए गए स्पीड ब्रेकर पर कलर ही नहीं किया है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

रवि कुमार, कृष्णा कॉलोनी

-बचे हुए स्पीड ब्रेकरों पर कलर कराना चाहिए। इससे कि दुर्घटना होने से बच सकें। वास्तव में अब तो कम से कम नगर निगम के अधिकारियों को शर्म आनी चाहिए।

सोनू सोनी, मोरी चारबाग

-पहले ही अधिकारियों को बनाते समय ध्यान रखना चाहिए। देखने में भी अच्छे लगने चाहिए। रात को लाइट चमकनी चाहिए। इससे लगे कि एक सुंदर शहर है।

जितेंद्र गर्ग, स्वर्ण जयंती नगर

-नगर निगम की ओर से बनाए गए स्पीड ब्रेकरों को सही कराना चाहिए । जिन पर रंग नहीं है उन पर रंग कराना चाहिए।

कपिल बंसल, जवाहर नगर

-उबड़ खाबड़ स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। ऐसा लगता है कि नगर निगम के लाखों रुपए का वेतन पाने वाले इंजीनियरों की इंजीनियरिंग यहां पर आकर फेल हो जाती है।

हर्ष सिंघल, दही वाली गली



source https://www.patrika.com/bharatpur-news/now-where-built-by-choice-they-will-also-be-broken-6821291/

Comments

Popular posts from this blog

...कैबीनेट मंत्री की फर्जी डिजायर से भरतपुर की राजनीति में बड़ा भूचाल

हवा भरने वाले कम्प्रेशर में ऐसा ब्लास्ट, करीब 60 फीट दूर जाकर गिरा दुकानदार, मौत

भाजपा की नैया पार लगाने को तैयार किए जाएंगे पन्ना प्रमुख